Tuesday, 26 April 2016

स्वयंवर

                                        स्वयंवर



         जिन दिनों की यह घटना है, उन दिनों भारत में आज जैसी ही सामाजिक परिस्थितियाँ थी और छोटी-छोटी बातों का बतंगड़ बन जाया करता था| एक दिन किसी बड़े शहर में एक अफवाह फैली कि एक पिता अपनी नवयौवना बेटी का स्वयंवर, माफ़ कीजिये नीलामी कर रहा है| स्वयंवर समारोह तीन-चार दिनों तक चलना था|
                 स्वयंवर के पहले दिन ही भीड़ शहर से निकल कर चल पड़ी| सारी घटना शहर से दूर उस मकान में घटी, जहाँ आज से बीस साल पहले इसी तरह एक नवयौवना को स्वयंवर में जीतकर लाया गया था|
                लोग जमा हो गए थे, जो सभी एक ही श्रेणी के थे - परम्पराओं में जकड़े हुए ...अभिजात्य  वर्ग के धनवान, कलाप्रेमी, पेशेवर शालीन लोग| स्वयंवर के लिए की गयी व्यवस्थाओं में गौर करने लायक बस एक मंच था, जहाँ स्वयंवर की सभी रस्में  पूरी होनी थी|
                  स्वयंवर के पहले दिन एक अधेड़ मंच पर आया| अधेड़ के हुलिए और अधपके बालों से बुढ़ापा झाँक रहा था|
                  फ़िलहाल हम व्यवहारिक तौर पर हम अधेड़ को "अ" और उसकी नवयौवना बेटी को "क" कहकर पुकारेंगे|
                 अ ने अपनी भूमिका में कहा -" मैं आज अपनी बेटी क के स्वयंवर की घोषणा करता हूँ| जो भी दावेदार सबसे प्रभावी होगा, वही क के योग्य वर होगा| स्वयंवर के बाद क को चौबीस घंटे की मौहलत देनी होगी ताकि वो अपने चाहने वालों से आखिरी बार मिल सके और मैं सभी सज्जनों को इस स्वयंवर के उपलक्ष्य में उपहार भेंट कर सकूँ| सबसे प्रभावी दावेदार का क से काम लेने का ही नहीं बल्कि उसकी जान लेने का भी अधिकार होगा, लेकिन परम्पराओं के दायरे में रहकर ही|
                  पहले दिन की करवाई शुरू हुई| सज-धजकर आये सभी दावेदारों को एक पंक्ति में बिठा दिया गया| सभी ने एक साथ मिटटी के एक ढेले पर लाल तिलक लगाया और कपास का एक लाल डोरा बाँधा| फिर भीड़ ने सभी दावेदारों पर पीले चावल और फूल बरसाए | प्रथम चरण ख़त्म हुआ|
                  दूसरा चरण शुरू हुआ| क की सहेलियां क को लाल जोड़े में सजाकर मंच पर ले आई| सभी दावेदार मंच के सामने एक पंक्ति में आसीन थे| सभी दावेदारों ने क को गौर से ऊपर से नीचे तक देखा और अभिवादन किया|
                 अंत में अ ने सभी दावेदारों के सामने क की व्यक्तिगत विशेषताओं का विवरण दिया और घोषणा की कि जो भी दावेदार 5 लाख अशर्फियों के साथ क को स्वीकार करना चाहे, आगे आ सकता है...लेकिन शर्त ये है कि क की अंतिम यात्रा इसी लाल जोड़े में करवानी होगी|
                 सभी दावेदारों के बीच खलबली मच गयी|
                  बस 5 लाख अशर्फियां!!!  हूँहह ...और अ और क को लानत भेजते हुए पीछे हट गए| अ ने सभी दावेदारों से कड़ी मिन्नतें की लेकिन कोई टस से मस न हुआ|
                  अंत में एक कट्टर सैद्धान्तिक कलाप्रेमी ने क को स्वीकार कर लिया|
                 स्वयंवर ख़त्म हुआ| शर्त के अनुसार क को चौबीस घंटे की मौहलत दी गयी|
                  सभी महिलाएं ख़ुशी के गीत गाने लगी| क भी अपने चाहने वालों से आखिरी बार मिल रही थी| अ रुआंसे मन से सभी को उपहार बाँटने में लगा था| पूरा माहौल और भी खुशनुमा हो उठा था|
                  मौहलत ख़त्म होने के आखिरी घंटे में क की माँ उठी और सभी को सम्बोधित करने आगे आई|
                  "आपके इस स्नेह के लिए मैं आभारी हूँ, पर मुझे केवल इतने से ही संतोष नहीं है| मैं आपको यकीन दिलाती हूँ कि क कभी भी अपनी योजना आपके सामने प्रकट नहीं करेगी, क्योंकि तब आप उसमे हस्तक्षेप करना चाहेंगे और समस्या के समाधान के लिए दूसरा रास्ता अपनाने को कहेंगे| आपकी सहायता चाहे कितनी भी उदार क्यों न हो...पर क के अनुकूल कभी नहीं होगी| वैसे भी आज के बाज़ार में औरत रूपी सिक्के का कोई व्यवहारिक मूल्य नहीं रह गया है| अतः मैं क को उक्त कलाप्रेमी सज्जन को सौंप रही हूँ|"
                 उद्बोधन समाप्त होते ही पूरा मंच तालियों कि गड़गड़ाहट से गूंज उठा और कलाप्रेमी सज्जन 5 लाख अशर्फियों के साथ क को डोली में बिठा कर ले गया|
                    पर कहानी यहीं पर ख़त्म नहीं होती| स्वयंवर के तीन-चार साल बाद वह कलाप्रेमी क से ऊब गया| उसने क के लिए अच्छे से स्थान पर रहने की व्यवस्था कर दी| उसे सुखी रखने की चिंता में वह परेशान रहने लगा|
                  एक दिन वह क को बुला कर कहने लगा - मैं यह नहीं समझ पा रहा हूँ कि अब तुम मेरे किस काम आ सकती हो, अगर तुम मुझे एक वारिस नहीं दे सकती तो| इसलिए मैं तुम्हें आज़ाद करना चाहता हूँ, तुम कहीं भी जा सकती हो|
                  क ने प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया, लेकिन तब तक यह बात अफवाह बनकर उन सब लोगों के बीच पहुंच चुकी थी, जिनको स्वयंवर में अ ने उपहार भेंट किये थे| वहां उपद्रव फूट पड़े थे|  क को कुल्टा घोषित कर दिया गया था|
                  इससे दोनों को बहुत गहरा दुःख हुआ - खासकर क को| क्योंकि उसकी नज़र में आज़ाद होने का अर्थ था लाल जोड़े में अंतिम यात्रा की शर्त को तोडना और वापस उन्ही परिस्थितियों में लौट जाना , जहां उसके जीवन का कोई मूल्य नहीं है......और इसके लिए वह बिलकुल भी तैयार नहीं थी ॥




                                                                                ©       ड़ॉ सापेक्ष गौतम



1 comment: